-->
राखियों से सजी भाइयों की कलाइयां, रक्षाबंधन पर भाई-बहन के प्रेम में घुली मिठास

राखियों से सजी भाइयों की कलाइयां, रक्षाबंधन पर भाई-बहन के प्रेम में घुली मिठास

पाकुड़ : भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को पूरे पाकुड़ जिले में हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घर-घर में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, मिठाई खिलाई और उनकी कलाई पर स्नेह की राखी बांधकर लंबी उम्र एवं सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर जीवनभर उनकी रक्षा करने तथा सुख-दुख में साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।

रक्षाबंधन को लेकर प्रखंड मुख्यालयों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक विशेष उत्साह देखने को मिला। पर्व के अवसर पर कई बहनें दूर-दराज के गांवों से अपने मायके पहुंचीं। वहीं रोजगार और अन्य कारणों से दूसरे शहरों में रहने वाले भाई भी रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने घर लौटे। लंबे समय बाद भाई-बहनों के मिलन से परिवारों में खुशी का माहौल बना रहा।

घर-आंगन में सुबह से ही रक्षाबंधन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बहनों ने भाइयों के लिए पूजा की थाली सजाई। शुभ मुहूर्त में तिलक लगाने, मिठाई खिलाने और राखी बांधने का सिलसिला चलता रहा। इसके बाद भाइयों ने बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपने स्नेह का इजहार किया।

पर्व को लेकर बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। राखी, मिठाई और उपहार की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। विशेष रूप से राखी की दुकानों पर तरह-तरह की आकर्षक राखियों की मांग रही। रक्षाबंधन के इस पर्व ने परिवारों में आपसी प्रेम और स्नेह को बढ़ाने के साथ भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक मजबूती को भी और गहरा किया।

0 Response to "राखियों से सजी भाइयों की कलाइयां, रक्षाबंधन पर भाई-बहन के प्रेम में घुली मिठास"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4