-->
पाकुड़िया में उल्लास के साथ मना रक्षाबंधन, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र

पाकुड़िया में उल्लास के साथ मना रक्षाबंधन, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र

पाकुड़िया : भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र में हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ मनाया गया। सुबह से ही घर-घर में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने उपवास रखकर विधि-विधान से भाइयों की पूजा-अर्चना की और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों ने भाइयों को आरती दिखाई। इसके बाद उनके माथे पर दूब घास और अरवा चावल छिड़ककर तिलक लगाया तथा रक्षा सूत्र बांधा। बहनों के इस स्नेह के जवाब में भाइयों ने भी अपनी प्यारी बहनों को उपहार भेंट कर जीवन के हर सुख-दुख में उनका साथ निभाने और उनकी रक्षा करने का वचन दिया।

पर्व को लेकर छोटी-छोटी मासूम बच्चियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चियों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की परंपरा निभाई। भाई-बहन के बीच स्नेह और अपनत्व के इस दृश्य से घर-परिवार में खुशी का माहौल बना रहा।

इधर पाकुड़िया प्रखंड के बन्नोग्राम, राजदाहा, तालवा, चौकिसाल, मोगलाबांध, गनपुरा, श्रीधरपाड़ा, फुलझींझरी सहित अन्य गांवों में भी रक्षाबंधन का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत किया।

0 Response to "पाकुड़िया में उल्लास के साथ मना रक्षाबंधन, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4