रबी बीज वितरण में देरी नहीं, एक सप्ताह के भीतर शुरू होगी प्रक्रिया
शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026
Comment
पाकुड़ : पाकुड़ समाहरणालय में शुक्रवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, पशुपालन, गव्य विकास, सहकारिता और भूमि संरक्षण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने और निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के रबी सीजन के लिए राज्य से गेहूं, सरसों, चना और मसूर के बीज का आवंटन प्राप्त हो गया है। इस पर उपायुक्त ने एमपीसीएस के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर बीज की खरीद कर वितरण शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को समय पर बीज उपलब्ध हो सके।
उन्होंने तेल एवं दाल मिल की स्थापना से संबंधित विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। किसान क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों के निष्पादन के लिए बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करने और पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने को कहा।
पीएम-कुसुम योजना के लंबित इंस्टॉलेशन जल्द होंगे पूरे
पीएम-कुसुम योजना की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 10 लाभुकों का अनुमोदन किया गया है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुमोदित 430 लाभुकों में से 160 के यहां इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा हो चुका है।
उपायुक्त ने झारखंड नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (जरेडा) के साथ समन्वय स्थापित कर शेष लाभुकों के यहां भी इंस्टॉलेशन का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ मिल सके।
दीपावली से पहले शुरू होंगे मेधा के छह आउटलेट
गव्य विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने दीपावली से पूर्व मेधा के छह आउटलेट शुरू करने की बात कही। इसके साथ ही गोवर्धन योजना के क्रियान्वयन के लिए तीन उपयुक्त स्थलों का चयन करने का निर्देश दिया। उन्होंने ऐसे स्थलों को प्राथमिकता देने को कहा, जहां गोबर का उत्पादन अधिक मात्रा में होता हो, ताकि योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को 16 अक्टूबर को जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश भी दिया।
लैम्पस के माध्यम से रबी बीज का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लैम्पस के माध्यम से रबी फसल के बीज का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों को रबी फसल बीमा के प्रति जागरूक करने और उन्हें बीमा योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित करने को कहा, ताकि फसल संबंधी जोखिमों से सुरक्षा मिल सके।
इसके अतिरिक्त, सहकारिता पदाधिकारी को 16 अक्टूबर को डीसीडीसी की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
नए तालाब निर्माण के छह आवेदनों की होगी जांच
भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा के दौरान भूमि संरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि नए तालाब निर्माण के लिए छह आवेदन प्राप्त हुए हैं। उपायुक्त ने सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया।
विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कृषि प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने तथा किसानों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया, ताकि जिले के अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी और भूमि संरक्षण पदाधिकारी उपस्थित थे।
0 Response to "रबी बीज वितरण में देरी नहीं, एक सप्ताह के भीतर शुरू होगी प्रक्रिया"
एक टिप्पणी भेजें