जन समाधान दिवस में जमीन लॉक से लेकर पेंशन तक के मामले पहुंचे, उपायुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026
Comment
पाकुड़ : पाकुड़ समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित जन समाधान दिवस में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जन समाधान दिवस के दौरान नागरिकों ने व्यक्तिगत और जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में जमीन लॉक से संबंधित मामला, पुत्र द्वारा माता-पिता के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत, आउटसोर्सिंग एजेंसी द्वारा वेतन में किए गए अंतर को सुधारने तथा वृद्धावस्था पेंशन से जुड़े मामले शामिल थे।
उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
उपायुक्त ने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास एवं जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी मंच है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं, जिससे शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
0 Response to "जन समाधान दिवस में जमीन लॉक से लेकर पेंशन तक के मामले पहुंचे, उपायुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश"
एक टिप्पणी भेजें