आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य, महिला पर्यवेक्षिकाएं रोज करेंगी निरीक्षण
शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026
Comment
पाकुड़ : पाकुड़ समाहरणालय स्थित सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के सुचारू संचालन, बच्चों एवं लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने, मूलभूत सुविधाओं की स्थिति और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, केंद्रों में कार्यशील रसोई, विद्युत कनेक्शन, शौचालय निर्माण, पेयजल की उपलब्धता और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित प्रतिवेदनों की समीक्षा की गई। इसके अलावा सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, सितंबर 2026 के निरीक्षण प्रतिवेदन और आगामी भ्रमण कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई।
आंगनबाड़ी केंद्रों का निकटवर्ती प्राथमिक विद्यालयों के साथ सह-स्थापन सुनिश्चित करने के लिए चल रहे सर्वेक्षण की प्रगति की समीक्षा की गई। बच्चों की पहचान एवं संबंधित सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए एपीएएआर और आभा पहचान-पत्र से जुड़े कार्यों तथा आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया की भी जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को जागरूक और प्रेरित किया जाए, ताकि बच्चे नियमित रूप से केंद्र पहुंचें और उन्हें पोषण तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल का समुचित लाभ मिल सके।
उन्होंने सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को प्रतिदिन आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति और संचालित गतिविधियों की जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को इन गतिविधियों की प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि केंद्रों का संचालन प्रभावी ढंग से हो सके।
एफआरएस और टीएचआर वितरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश
उपायुक्त ने फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने टेक-होम राशन (टीएचआर) वितरण की समीक्षा करते हुए सभी पात्र लाभार्थियों तक निर्धारित मानकों के अनुरूप राशन पहुंचाने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के आधार कार्ड होंगे अद्यतन
बैठक में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के आधार कार्ड से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने ऐसे सभी लाभार्थियों को चिह्नित करने का निर्देश दिया, जिनके आधार कार्ड में अद्यतन की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित कर आधार विवरण अद्यतन कराने की प्रक्रिया पूरी करने और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, आंगनबाड़ी केंद्रों की मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी करने तथा विभागीय कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों एवं महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़ी सेवाओं में सुधार लाने तथा प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
0 Response to "आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य, महिला पर्यवेक्षिकाएं रोज करेंगी निरीक्षण"
एक टिप्पणी भेजें