-->
हाइवा की चपेट में आने से खलासी की मौत, मुआवजे की मांग पर परिजनों ने किया सड़क जाम

हाइवा की चपेट में आने से खलासी की मौत, मुआवजे की मांग पर परिजनों ने किया सड़क जाम



अमड़ापाड़ा : अमड़ापाड़ा-पाकुड़ लिंक रोड पर हिरणपुर थाना क्षेत्र के सिमलढाब के समीप हाइवा की चपेट में आने से 35 वर्षीय खलासी राम हेंब्रम की मौत हो गई। मृतक अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के टीयूटोला का निवासी था। रामपुरहाट में इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर टीयूटोला में अमड़ापाड़ा लिंक रोड को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया। सड़क जाम होने से राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात सिमलढाब के समीप हाइवा संख्या जेएच 04एसी 9796 का खलासी राम हेंब्रम शौच के बाद चलती हाइवा पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह उसी हाइवा की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में उसे महेशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे रामपुरहाट ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इधर, सड़क जाम की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक प्रयाग दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम नहीं हटाया जा सका था। पुलिस जाम हटवाने के प्रयास में जुटी हुई थी।

बताया जाता है कि अमड़ापाड़ा में मेला आयोजित होने के कारण कोयला परिवहन करने वाले हाइवा का परिचालन पहले से ही पूरी तरह बंद है। ऐसे में सड़क जाम लंबा खिंचने पर कोयला परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

0 Response to "हाइवा की चपेट में आने से खलासी की मौत, मुआवजे की मांग पर परिजनों ने किया सड़क जाम"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4