बलियापुर में हृदयविदारक हादसा, आग से झुलसी महिला; पूर्व विधायक आनंद महतो ने पहुंचकर जाना हालचाल
गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026
Comment
बलियापुर (धनबाद), संवाददाता: बलियापुर थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर प्रांगण में सोमवार को एक दर्दनाक घटना घट गई। स्थानीय निवासी रामू सोनार की पत्नी गुंजा देवी आग से झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को बलियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद रेफर कर दिया। SNMMCH में चिकित्सकों की विशेष निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
पूर्व विधायक ने दिया मानवता का परिचय
घटना की सूचना मिलते ही भाकपा माले के वरिष्ठ नेता एवं सिंदरी के पूर्व विधायक आनंद महतो शहीद निर्मल महतो मेमोरियल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इलाज कर रहे चिकित्सकों से मिलकर गुंजा देवी की स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए पूर्व विधायक आनंद महतो ने तत्काल आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
इस अवसर पर स्थानीय मुखिया गणेश महतो, सामाजिक कार्यकर्ता राणा चट्टराज सहित कई गणमान्य व्यक्ति अस्पताल में उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
0 Response to " बलियापुर में हृदयविदारक हादसा, आग से झुलसी महिला; पूर्व विधायक आनंद महतो ने पहुंचकर जाना हालचाल"
एक टिप्पणी भेजें