उपासना मरांडी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, पेनाल्टी शूटआउट में एफसी चेंजिंग स्टार ने जीता खिताब
शनिवार, 31 अक्टूबर 2026
Comment
महेशपुर : तेलियापोखर पंचायत अंतर्गत तेलियापोखर फुटबॉल मैदान में बीटीएमसी क्लब के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को संपन्न हुआ। फाइनल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य सह युवा नेत्री उपासना मरांडी शामिल हुईं। उनके साथ झामुमो जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, तेलियापोखर पंचायत की मुखिया मरियम मरांडी और जेएनवी के प्राचार्य संजय कुमार प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आयोजकों की ओर से मुख्य अतिथियों का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान ढोल-नगाड़े और मांदर की थाप पर आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया गया तथा अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट किए गए।
फाइनल मुकाबला एफसी चेंजिंग स्टार और एफसी मुर्मू स्टार के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले के बाद पेनाल्टी शूटआउट में एफसी चेंजिंग स्टार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल से जीत दर्ज की और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
मुख्य अतिथि उपासना मरांडी ने विजेता टीम एफसी चेंजिंग स्टार को 30 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं, उपविजेता एफसी मुर्मू स्टार की टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए उपासना मरांडी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और अनुशासन का माध्यम भी है। खेलों से युवाओं का मानसिक एवं शारीरिक विकास होता है। इसके साथ ही उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। इसलिए सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए और निरंतर मेहनत करते रहना चाहिए। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजक समिति को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार होने चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी प्रतिभा को निखारकर भविष्य में झारखंड और देश का नाम रोशन करने की अपील की।
मौके पर प्रखंड उपाध्यक्ष अल्तमस हेंब्रम, पूर्व युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष योगेन्द्र मुर्मू, महेशपुर थाना के एसआई श्रीचांद किस्कू एवं किशोर कुमार टुडू, तेलियापोखर पंचायत समिति सदस्य विजय कुमार साह, निरोज मड़ैया, पंचायत अध्यक्ष साइमन मुर्मू, सचिव बोड़ो हेंब्रम, बाबुधन मरांडी, शिवानी टुडू, शांतिलता हेंब्रम, मुराद अंसारी, छोटू अंसारी, क्लब अध्यक्ष सूरज मुर्मू, सचिव सूनीराम मुर्मू, कोषाध्यक्ष गणेश मुर्मू, उपसचिव समीर मुर्मू, सोपेन मुर्मू, अजीत मुर्मू, डिप्टी मुर्मू, श्रीसन बास्की, फ्रांसिस बास्की, नाजिर बास्की, जोनाथियुस मुर्मू, अशोक मुर्मू और ढेना मुर्मू सहित अन्य झामुमो कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में खेलप्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।
0 Response to "उपासना मरांडी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, पेनाल्टी शूटआउट में एफसी चेंजिंग स्टार ने जीता खिताब"
एक टिप्पणी भेजें