करीब पांच करोड़ की लागत से बन रहे पलाश मार्ट के निर्माण पर उठे सवाल, भाजपा नेता ने लगाया अनियमितता का आरोप
शनिवार, 31 अक्टूबर 2026
Comment
पाकुड़ : पुराने प्रखंड कार्यालय परिसर में राज्य योजना मद से करीब 4 करोड़ 96 लाख 44 हजार 200 रुपये की लागत से निर्माणाधीन पलाश मार्ट के निर्माण कार्य पर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय ने स्थल निरीक्षण के बाद निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
अमृत पांडेय के अनुसार, निर्माण स्थल पर कई ऐसी कमियां देखने को मिली हैं, जो निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उनका आरोप है कि करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन का निर्माण कार्य बिना कनीय अभियंता की निगरानी के कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि निर्माण कार्य के संवेदक कौन हैं, इसकी जानकारी भी मौके पर स्पष्ट नहीं हो सकी।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्धारित मानकों के विपरीत निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर न तो संवेदक या उनका कोई प्रतिनिधि मौजूद था और न ही कार्यकारी एजेंसी विशेष प्रमंडल का कोई कनीय अभियंता अथवा तकनीकी रूप से दक्ष प्रतिनिधि दिखाई दिया। अमृत पांडेय ने इन परिस्थितियों को प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितता बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि पाकुड़ जिले में भवन निर्माण, सड़क निर्माण, पीसीसी सड़क और अन्य विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। उनका आरोप है कि जिले के विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं और संबंधित मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
अमृत पांडेय ने राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा डीएमएफटी फंड में कथित घोटाले का मुद्दा उठाए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पाकुड़ जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने उपायुक्त मेघा भारद्वाज से मांग की है कि पलाश मार्ट निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही संबंधित विभाग के अधिकारियों, संवेदक और अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच करते हुए यदि अनियमितता या भ्रष्टाचार प्रमाणित होता है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
0 Response to "करीब पांच करोड़ की लागत से बन रहे पलाश मार्ट के निर्माण पर उठे सवाल, भाजपा नेता ने लगाया अनियमितता का आरोप"
एक टिप्पणी भेजें