-->
पाकुड़िया सीएचसी में 111 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

पाकुड़िया सीएचसी में 111 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

पाकुड़िया: प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया में सोमवार को गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचीं कुल 111 गर्भवती महिलाओं की चिकित्सकीय जांच की गई।

इस दौरान डॉ. वसीम रजा एवं डॉ. मंजर आलम ने महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जांच के क्रम में रक्तचाप, वजन और हीमोग्लोबिन सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। साथ ही गर्भावस्था के दौरान होने वाली संभावित समस्याओं, खानपान और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, पौष्टिक भोजन लेने, आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों का नियमित सेवन करने तथा निर्धारित समय पर टीकाकरण कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित प्रसव के लिए गर्भावस्था के दौरान नियमित चिकित्सकीय निगरानी बेहद जरूरी है। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना देर किए स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए।

शिविर का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूक करना तथा जच्चा-बच्चा के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करना रहा। मौके पर प्रखंड लेखा प्रबंधक प्रभात दास, एएनएम बिना मुर्मू, जीएनएम, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

0 Response to "पाकुड़िया सीएचसी में 111 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4