बेटे की जान बचाने के नाम पर सात लाख रुपये वसूलने का आरोप, पिता ने थाने में दिया आवेदन
सोमवार, 9 नवंबर 2026
Comment
अमड़ापाड़ा: थाना क्षेत्र में एक किशोर को जान से मारने की धमकी देकर उसके पिता से सात लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर 75 वर्षीय जसवंत प्रसाद ने आठ नवंबर को अमड़ापाड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने दो किशोरों पर अपने लगभग 13 वर्षीय बेटे को डराकर उसकी जान बचाने के नाम पर तीन किस्तों में कुल सात लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। साथ ही दोनों किशोरों के परिजनों की संलिप्तता की भी आशंका जताई है।
थाना प्रभारी को दिए आवेदन के अनुसार, अमतला (पकलो) निवासी जसवंत प्रसाद ने बताया है कि करीब डेढ़ महीने पहले सितंबर में उनके बेटे बलवंत प्रसाद वर्मा को सोनू सिंह (करीब 16 वर्ष), पिता राजेश सिंह, निवासी वायुसेना सिंगारसी कैंप तथा हिमांशु सिरपा (करीब 15 वर्ष), पिता दीपक सिरपा, ग्राम पकला, थाना अमड़ापाड़ा अपने साथ मोटरसाइकिल से घुमाने के बहाने ले गए थे। आरोप है कि दोनों किशोरों ने उनके बेटे को नशीला पदार्थ खिलाया और घर से दूर बलामी रोड स्थित सुनसान जगह पर ले जाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बेटे की जान सुरक्षित रखने के एवज में सात लाख रुपये की मांग की गई। पुलिस ने इस प्रकरण में तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।
आवेदन में जसवंत प्रसाद ने बताया कि बेटे को जान से मारने की धमकी मिलने के कारण वह काफी डर गया था। इसी डर से उसने घरवालों को बिना बताए पिता से रुपये लेकर दुर्गापूजा के आसपास अक्टूबर महीने में बलामी रोड के पास सोनू सिंह और हिमांशु सिरपा को एक लाख रुपये दे दिए। इसके बाद एक नवंबर को तीन लाख रुपये और तीन नवंबर को तीन लाख रुपये दिए गए। इस प्रकार कुल सात लाख रुपये देने का आरोप लगाया गया है।
आवेदनकर्ता के अनुसार, उन्होंने घर में सीमेंट और छड़ के कारोबार के लिए रुपये रखे थे। जब घर में रखी रकम नहीं मिली तो उन्होंने अपने बेटे से पूछताछ की। इसके बाद सात नवंबर को उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली। बेटे से सच्चाई जानने के बाद उन्होंने हिम्मत जुटाकर आठ नवंबर को थाना में लिखित आवेदन दिया।
जसवंत प्रसाद ने आवेदन में आशंका जताई है कि इस मामले में सोनू सिंह के पिता राजेश सिंह और हिमांशु सिरपा के पिता दीपक सिरपा की भी संलिप्तता हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया है कि फिरौती के रूप में ली गई सात लाख रुपये की राशि से मोटरसाइकिल और मोबाइल खरीदे गए हैं। उन्हें आशंका है कि भविष्य में उनके बेटे को दोबारा जान से मारने की धमकी देकर रुपये मांगे जा सकते हैं। उन्होंने थाना प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
0 Response to "बेटे की जान बचाने के नाम पर सात लाख रुपये वसूलने का आरोप, पिता ने थाने में दिया आवेदन"
एक टिप्पणी भेजें