-->
मशालों की रोशनी में निकली मां श्मशान वासिनी की भव्य शोभायात्रा, 600 से अधिक पाठा की दी गई बलि

मशालों की रोशनी में निकली मां श्मशान वासिनी की भव्य शोभायात्रा, 600 से अधिक पाठा की दी गई बलि

पाकुड़: दीपावली की अमावस्या की काली रात जब चारों ओर अंधकार छाया था, तब हजारों जलती मशालों की रोशनी और ढाक की गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मां काली के जयकारों से शहर की गलियां गूंज उठीं। करीब 300 वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक धार्मिक परंपरा के तहत मां श्मशान वासिनी पहाड़िया काली की पूजा इस वर्ष भी पूरे विधि-विधान, श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए न केवल शहर, बल्कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

परंपरा के अनुसार दीपावली की संध्या नित्य काली मंदिर से मां श्मशान वासिनी की प्रतिमा को श्मशान काली मंदिर तक ले जाने की विशेष शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालु हाथों में मशाल लेकर माता की अगवानी में शामिल हुए। आतिशबाजी, ढाक की थाप और गगनभेदी जयकारों के बीच भक्त माता की प्रतिमा को लेकर आगे बढ़ते रहे। श्रद्धा से सराबोर भक्तों ने माता को श्मशान वासिनी मंदिर में विराजमान कराया। देर रात तक श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना जारी रहा। भक्तों ने माता के अलौकिक स्वरूप और विशेष श्रृंगार का दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

 मध्यरात्रि में हुई विशेष तांत्रिक पूजा 

कालीतल्ला स्थित श्मशान काली मंदिर में आधी रात को विशेष तांत्रिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। इस पूजा के लिए पश्चिम बंगाल से आए तांत्रिक पुरोहितों ने स्थानीय पुरोहितों के साथ मिलकर निर्धारित परंपराओं और विधि-विधान के अनुसार मां काली की आराधना की। पूरी रात मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा। तांत्रिक पूजा को देखने और माता का आशीर्वाद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

 मन्नत पूरी होने पर 600 से अधिक पाठा की बलि

मां श्मशान वासिनी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था वर्षों से चली आ रही है। मान्यता है कि सच्चे मन से मांगी गई मन्नत माता पूरी करती हैं। इसी विश्वास के साथ मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालुओं ने पाठा बलि की परंपरा निभाई। हालांकि रात में किसी कारणवश बलि की प्रक्रिया रोकनी पड़ी, जिसे सोमवार दोपहर तक जारी रखा गया। इस दौरान 600 से अधिक पाठा की बलि चढ़ाई गई। पूजा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।

 दो दिवसीय मेले में उमड़ा जनसैलाब, नगर भ्रमण के बाद हुआ विसर्जन

पूजा के अवसर पर कालीतल्ला मैदान में आयोजित दो दिवसीय मेले में भी खूब रौनक रही। मेले में स्थानीय लोगों के अलावा सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आए महिला, पुरुष और बच्चों ने भी भाग लिया। विभिन्न दुकानों और मेले के आकर्षणों के बीच लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

पूजा के समापन पर संध्या के समय मां की प्रतिमा को श्रद्धालुओं के कंधों पर लेकर नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान हजारों भक्त शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरा रास्ता मां के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालु 'बोलो काली माई की जय', 'बुढ़िया माई की जय' और 'आश्छे बिछोर आभार होबे' जैसे पारंपरिक उद्घोष करते हुए माता को विदाई देने निकले। भक्तिमय वातावरण के बीच कालीभषान में पूरे श्रद्धा भाव से मां की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इसके साथ ही करीब तीन सौ वर्षों से चली आ रही इस ऐतिहासिक पूजा का एक और वर्ष श्रद्धा, परंपरा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया।

0 Response to "मशालों की रोशनी में निकली मां श्मशान वासिनी की भव्य शोभायात्रा, 600 से अधिक पाठा की दी गई बलि"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4