फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल, जूलियस स्टार ने जवाई टीम को दी शिकस्त
सोमवार, 9 नवंबर 2026
Comment
पाकुड़िया: प्रखंड के सिंदरी सोल गांव में काली मेला के अवसर पर आदिवासी मार्शल क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक नागरी-अनेच कार्यक्रम का सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। समापन समारोह में फुटबॉल का रोमांचक फाइनल मुकाबला और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
फाइनल मुकाबले में जूलियस स्टार की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जवाई टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। मैदान पर मुकाबला काफी रोमांचक रहा। खेल का आनंद लेने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण पहुंचे थे। पूरे मुकाबले के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष जूली हेंब्रम शामिल हुईं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, मुखिया सलोमी बेसरा, क्लब के बिट्टू मुर्मू, नरेश मरांडी और लखीराम हांसदा उपस्थित रहे। अतिथियों ने मैदान में उतरकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका हौसला बढ़ाया।
समापन अवसर पर अतिथियों ने फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता जूलियस स्टार और उपविजेता जवाई टीम को कप एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा सांस्कृतिक नागरी-अनेच प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
0 Response to "फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल, जूलियस स्टार ने जवाई टीम को दी शिकस्त"
एक टिप्पणी भेजें