-->
दीपावली पर शहीदों की याद में रोशन हुए दीप, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

दीपावली पर शहीदों की याद में रोशन हुए दीप, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

महेशपुर: दीपावली के उल्लास के बीच देश के अमर शहीदों के सम्मान में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की महेशपुर इकाई की ओर से रविवार रात भगत सिंह चौक स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा स्थल पर ‘एक दीया वीर शहीदों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर परिषद कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर देश की आजादी और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सन्नी तिवारी ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी और खुशियों का पर्व नहीं है, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक भी है। आज देशवासी जिस स्वतंत्रता और सम्मान के साथ अपने त्योहार मनाते हैं, उसके पीछे असंख्य वीर शहीदों का त्याग, संघर्ष और बलिदान छिपा है। भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका योगदान और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने कहा कि शहीदों को याद करने का वास्तविक अर्थ केवल उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करना या उनके नाम पर दीप जलाना नहीं है, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारना भी है। युवाओं को राष्ट्रहित, सामाजिक एकता और देशसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति में जलाया गया प्रत्येक दीप देश की एकता, अखंडता और गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प देता है।

मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जीत साहा, सह नगर मंत्री परेश घोष, सुबहो दास, आरित्रो घोष, राहुल मिश्रा, विक्की राय, गुंजन तिवारी सहित परिषद के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।

0 Response to "दीपावली पर शहीदों की याद में रोशन हुए दीप, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4