कदाचारमुक्त जेटेट परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचीं उपायुक्त मेघा भारद्वाज, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था की खुद की जांच
रविवार, 1 नवंबर 2026
Comment
पाकुड़ : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने केकेएम कॉलेज एवं डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया और परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना और सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं सुचारू वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान परीक्षा का संचालन सुव्यवस्थित पाया गया। केंद्राधीक्षक एवं वीक्षक अपने दायित्वों के प्रति सजग दिखे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील पाए गए। इसके साथ ही पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की मौजूदगी में अभ्यर्थियों की समुचित जांच (फ्रिस्किंग) भी सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने, विधि-व्यवस्था संधारित करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को लगातार मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है।
0 Response to "कदाचारमुक्त जेटेट परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचीं उपायुक्त मेघा भारद्वाज, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था की खुद की जांच"
एक टिप्पणी भेजें