-->
अपनों के स्नेह से रोशन हुई अनाथ बच्चों और बुजुर्गों की दीपावली, न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बांटी खुशियां

अपनों के स्नेह से रोशन हुई अनाथ बच्चों और बुजुर्गों की दीपावली, न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बांटी खुशियां

पाकुड़ : दीपावली का वास्तविक उत्सव तभी सार्थक होता है, जब समाज के उन लोगों के जीवन में भी खुशियों का उजाला पहुंचे, जिन्हें अपनों के स्नेह और सहयोग की सबसे अधिक आवश्यकता है। इसी मानवीय भावना के साथ झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में दीपावली के अवसर पर बच्चों और बुजुर्गों के बीच खुशियां बांटने की विशेष पहल की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष दिवाकर पांडेय, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह तथा उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने चापाडांगा स्थित बाल आश्रय गृह और सोनाजोड़ी स्थित वृद्ध आश्रम पहुंचकर बच्चों एवं बुजुर्गों से मुलाकात की। अधिकारियों ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनका हालचाल जाना और अपने स्नेह, अपनत्व एवं आत्मीयता से त्योहार की खुशियां साझा कीं।

बाल आश्रय गृह में बच्चों के बीच शिक्षण सामग्री, मिठाई, फुलझड़ियां और पटाखे वितरित किए गए। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिवाकर पांडेय ने बच्चों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनसे इस पर्व को मनाने के उद्देश्य और उसके महत्व से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों के साथ आत्मीय संवाद के माध्यम से उन्होंने उनके मन की बातें सुनीं और भविष्य में बनने वाले लक्ष्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को जीवन में अपने सपनों को साकार करने के लिए नियमित पढ़ाई, लगन और अनुशासन को अपनाने की सलाह दी। साथ ही पुलिस, न्यायिक अधिकारियों और प्रशासनिक पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों एवं कार्यों के बारे में भी सरल तरीके से समझाया। उन्होंने समाज की सेवा और विकास में एक-दूसरे के सहयोग को आवश्यक बताते हुए बच्चों को आपसी सहयोग, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। दीपावली के अवसर पर आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें बधाई भी दी।

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए जीवन में अनुशासन और शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके सहारे बच्चे अपने जीवन में आगे बढ़ सकते हैं और बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, बड़ों का सम्मान करने तथा अच्छी आदतों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की सीख दी। विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने बच्चों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं हारने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के प्रति गंभीरता और पेंटिंग के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों को जीवन में मजबूत बनने तथा भविष्य में स्वयं दूसरों का सहारा बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में इसी तरह खुशियां बनी रहें और बच्चे निरंतर आगे बढ़ते हुए शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाएं।

डीएलएसए के प्रभारी सचिव विशाल मांझी ने भी बच्चों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि दीपावली के अवसर पर बाल आश्रय गृह में पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें कुल 16 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के साथ-साथ सभी बच्चों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष दिवाकर पांडेय, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्ज्वल बेक तथा डीएलएसए के प्रभारी सचिव विशाल मांझी ने स्वयं अपने हाथों से बच्चों के बीच दीपावली के उपहार वितरित किए। अधिकारियों की इस आत्मीय पहल से बच्चों के बीच त्योहार को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

इसके बाद अधिकारियों ने सोनाजोड़ी स्थित वृद्ध आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात की। उन्होंने बुजुर्गों का हालचाल जाना, उनकी जरूरतों और सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बुजुर्गों के बीच कंबल, मिठाई और फुलझड़ियां वितरित की गईं। अधिकारियों ने उनके साथ समय बिताकर अपनत्व का एहसास कराया और त्योहार की खुशियां साझा कीं। साथ ही वृद्ध आश्रम के सभी वार्डों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसी क्रम में बाल आश्रय गृह का भी निरीक्षण किया गया।

इस पहल के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला प्रशासन ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचनी चाहिए। बच्चों को शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देना तथा बुजुर्गों को सम्मान, स्नेह और अपनत्व प्रदान करना ही इस आयोजन का मूल उद्देश्य रहा।

मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष दिवाकर पांडेय, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्ज्वल बेक, डीएलएसए के प्रभारी सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल, जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) के व्यास ठाकुर, बाल आश्रय गृह के संचालक विनोद प्रमाणिक, आश्रय गृह के कर्मी तथा पैरा लीगल वालंटियर्स उपस्थित रहे।

0 Response to "अपनों के स्नेह से रोशन हुई अनाथ बच्चों और बुजुर्गों की दीपावली, न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने बांटी खुशियां"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4