ग्रेस अंक देकर छात्रों को जल्द पास करे बीबीएमकेयू प्रशासन, नहीं तो होगा आंदोलन : संभव ठाकुरदो दिन के भीतर कार्रवाई की मांग, उत्तर-पुस्तिका की छायाप्रति उपलब्ध कराने की भी उठाई मांग
शुक्रवार, 20 नवंबर 2026
Comment
धनबाद: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) में छात्रों का शैक्षणिक वर्ष बर्बाद होने से बचाने के लिए विश्वविद्यालय उपाध्यक्ष संभव ठाकुर ने छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीन स्टूडेंट वेलफेयर) को पत्र लिखकर छात्रों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
संभव ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रावधानों के अनुसार किसी सेमेस्टर में एक से पांच अंकों से अनुत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को ग्रेस अंक देकर उत्तीर्ण किया जाना चाहिए। विभिन्न कॉलेजों के कई छात्र इस श्रेणी में आते हैं और अपनी समस्याओं को लेकर उनसे मिले हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से ऐसे सभी विद्यार्थियों को दो दिनों के भीतर ग्रेस अंक देकर पास करने की मांग की है, ताकि उनका एक साल बर्बाद न हो और वे समय पर स्नातकोत्तर (पीजी) में नामांकन ले सकें।
उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे विद्यार्थी भी हैं, जिन्हें अपनी उत्तर-पुस्तिका के मूल्यांकन में उत्तीर्ण होने का भरोसा है, लेकिन परिणाम में उन्हें अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया है। ऐसे विद्यार्थियों को जल्द से जल्द उनकी उत्तर-पुस्तिका की छायाप्रति उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया संबंधित कॉलेजों के माध्यम से पूरी कराकर विश्वविद्यालय को ई-मेल भेजा जाएगा।
संभव ठाकुर ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक वर्ष बर्बाद हुआ, तो एनएसयूआई विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी
0 Response to "ग्रेस अंक देकर छात्रों को जल्द पास करे बीबीएमकेयू प्रशासन, नहीं तो होगा आंदोलन : संभव ठाकुरदो दिन के भीतर कार्रवाई की मांग, उत्तर-पुस्तिका की छायाप्रति उपलब्ध कराने की भी उठाई मांग"
एक टिप्पणी भेजें