महेशपुर में पुलिस की वाहन जांच से चालकों में मचा हड़कंप, खलासी को स्टीयरिंग सौंपने वालों को थाना प्रभारी की सख्त चेतावनी
शनिवार, 28 नवंबर 2026
Comment
महेशपुर : सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शनिवार को महेशपुर थाना के समीप मुख्य सड़क पर पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। थाना प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में चले इस अभियान में दोपहिया, चारपहिया समेत अन्य वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने विशेष रूप से बिना हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस के अभाव और ट्रिपल लोडिंग कर चलने वाले वाहन चालकों पर नजर रखी।अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने बड़े वाहनों को रुकवाकर चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की। उन्होंने वाहन चालकों को सख्त हिदायत देते हुए स्पष्ट कहा कि कोई भी चालक अपने वाहन की जिम्मेदारी खलासी को नहीं सौंपे। वाहन चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। वहीं, ई-रिक्शा चालकों को भी सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और जल्द से जल्द ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया गया।
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एक दर्जन से अधिक बाइक चालकों के वाहनों के नंबर दर्ज किए गए। थाना प्रभारी ने सभी वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और वाहन से संबंधित आवश्यक कागजात साथ रखने की हिदायत दी।मौके पर साहिद खान सहित चौकीदार एवं पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
0 Response to "महेशपुर में पुलिस की वाहन जांच से चालकों में मचा हड़कंप, खलासी को स्टीयरिंग सौंपने वालों को थाना प्रभारी की सख्त चेतावनी"
एक टिप्पणी भेजें