डिजिटल अदालत की ओर पाकुड़ का कदम, 2027 में शुरू हो सकता है वर्चुअल कोर्ट; अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ता लिपिकों को मिली नई तकनीक की जानकारी
शनिवार, 28 नवंबर 2026
Comment
पाकुड़ : न्यायिक व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में पाकुड़ व्यवहार न्यायालय में भी तैयारियां तेज हो रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को व्यवहार न्यायालय के सभागार में ईसीटी-7/2026 के तहत झारखंड ज्यूडिशियल एकेडमी के दिशा-निर्देश के आलोक में ई-कोर्ट से संबंधित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिवक्ताओं और अधिवक्ता लिपिकों को डिजिटल न्यायिक प्रक्रिया, ऑनलाइन फाइलिंग, नए सॉफ्टवेयर, प्रोसेस फीस और कोर्ट फीस जमा करने की तकनीकी जानकारी दी गई।मास्टर ट्रेनर अधिवक्ता दीनानाथ गौस्वामी एवं अधिवक्ता कौशर आलम की देखरेख में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि पाकुड़ में जल्द वर्चुअल कोर्ट शुरू करने की तैयारी है। इसके वर्ष 2027 में आरंभ होने की संभावना जताई गई। ऐसे में अधिवक्ताओं के लिए डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी और उसका व्यावहारिक प्रशिक्षण काफी महत्वपूर्ण होगा।
प्रशिक्षण में बताया गया कि एनआई एक्ट के तहत एक नया सॉफ्टवेयर जोड़ा गया है, जो एज बॉयजर के माध्यम से काम करेगा। इसके तहत प्रत्येक अधिवक्ता को अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद अधिवक्ता स्वयं ऑनलाइन फाइलिंग कर सकेंगे। इससे न्यायिक कार्यों में डिजिटल सुविधाओं का उपयोग आसान होगा। दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया समझाते हुए मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि लिब्रे ऑफिस के माध्यम से आवेदन और अन्य कागजात टाइप किए जा सकते हैं। इसमें हाइब्रिड पीडीएफ तैयार करने की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके साथ ही प्रोसेस फीस और रिक्विजिशन फॉर्म भरने की विधि भी विस्तार से बताई गई।कोर्ट फीस भुगतान को लेकर ई-ग्रास पोर्टल की उपयोगिता समझाई गई। बताया गया कि इसके माध्यम से कोर्ट फीस ऑनलाइन जमा की जा सकती है। भुगतान के दौरान 8443 मद का चयन करने पर रिफंड की सुविधा मिल सकती है, जबकि 0030 मद में जमा की गई कोर्ट फीस का रिफंड प्राप्त करना काफी मुश्किल होता है और इसमें वर्षों तक समय लग सकता है। ई-ग्रास पोर्टल पर गूगल के माध्यम से पहुंचकर आधार की मदद से लॉगिन कर भुगतान करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान एनआई एक्ट से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 2025 के पेज संख्या 952 पर प्रकाशित संजीवन तारी बनाम किशोर एस. गोलोवर मामले के फैसले का भी उल्लेख किया गया। मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि इसी आदेश के अनुरूप एनआई एक्ट से संबंधित नया सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है।इस अवसर पर अधिवक्ता सुखेंदु विकास रक्षित, कौशिक कुमार, जयदेव कुमार झा, सुचेंद्रा पांडेय, पूनम ठाकुर, मीनू टुडू, ऐल्बुना मुर्मू, सुभाष भंडारी, रोहन भंडारी और नीरज झा उपस्थित रहे। वहीं अधिवक्ता लिपिक श्रवण गुप्ता, श्रीचरण कुनाई, विश्वनाथ मंडल, ओयनल मरांडी, परवेज आलम, मोतीउर रहमान और सुभाष पंडित सहित दर्जनों लोग प्रशिक्षण में शामिल हुए।
0 Response to "डिजिटल अदालत की ओर पाकुड़ का कदम, 2027 में शुरू हो सकता है वर्चुअल कोर्ट; अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ता लिपिकों को मिली नई तकनीक की जानकारी"
एक टिप्पणी भेजें