
बच्चे की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
विजय कुमार शर्मा की कलम से
दस साल पूर्व बिहार में दस साल के एक बच्चे की हत्या के मामले में पकड़े जाने के बाद पुलिस हिरासत से फरार हुए एक वांछित को क्राइम ब्रांच ने शहर के पालिया ग्राउन्ड इलाके से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहम्मद महफूज हुसैन उर्फ राजा बिहार के मोतीहारी जिले के बथना गांव का मूल निवासी है। उसने दस साल पूर्व मुज्जफरपुर जिले के चांद देवरिया गांव में उसके ममेरे भाई रजा (10) की हत्या कर दी थी। दरअसल वह रजा की बहन से शादी करना चाहता था। इस सिलसिले में उसने रजा की माता मेहरुनिशा से बात की थी, लेकिन उसने पुत्री की उससे शादी करने से साफ इनकार कर दिया था। इसके चलते वह मेहरुनिशा से रंजिश रखे हुए था। मेहरुनिशा को सबक सिखाने के लिए उसने रजा की हत्या की साजिश रची। 25 दिसम्बर 2008 को वह मेहरुनिशा के घर पहुंचा और बहला फुसला कर रजा को अपने साथ एक खेत में ले गया। वहां पर उसने गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी। इस संबंध में मेहरुनिशा की प्राथमिकी के आधार पर देवरिया पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने पर महफूज हुसैन को लगा कि उसे फांसी की सजा होगी या फिर उम्रकैद होगी। सजा से बचने के लिए भागने की योजना बनाई। कोर्ट ले जाते वक्त उसने हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और ऑटो रिक्शा से बाहर कूद कर फरार हो गया। बिहार से भागकर वह उत्तरप्रदेश गया और कुछ समय वहां छिपकर रहा। वहां से भागकर वापी आ गया। वापी में तीन साल तक रहा फिर सूरत आ गया। सूरत में वह कतारगाम पालिया ग्राउन्ड स्थित मेहक रेजिडेंसी में रह रहा था।
छह साल में किसी को नहीं लगी भनक
सूत्रों के मुताबिक महफूज हुसैन पिछले छह वर्षों से सूरत में रह रहा था और यहां रंगरोगन का काम करता था। इस दौरान उसने बिहार जाकर शादी भी की और उसके दो बच्चे भी हैं। सूरत या बिहार पुलिस को इस लंबे अरसे के दौरान उसकी भनक तक नहीं लगी। वहीं, क्राइम ब्रांच का कहना है कि महफूज फरार होने के बाद कभी बिहार में अपने गांव नहीं गया था। पिछले दिनों स्टेट्स ग्रुप से उसके बारे में जानकारी मिलने पर मुखबिरों को सक्रिय किया गया और उसे गिरफ्तार किया गया है।
0 Response to "बच्चे की हत्या का आरोपी गिरफ्तार"
एक टिप्पणी भेजें