
कानपुर के बिठूर में वाहन की टक्कर से मरा पांडा प्रजाति का हिरन
गुरुवार, 10 मई 2018
कानपुर के बिठूर-कल्याणपुर मार्ग पर विश्व जागृति मिशन आश्रम के पास बुधवार सुबह सड़क किनारे घायल हिरन मिला। पुलिस की सूचना पर वन विभाग के दरोगा डीके बाजपेई मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक हिरन की मौत हो चुकी थी। मृत हिरन को पोस्टमार्टम के लिए वन विभाग की टीम चिड़ियाघर ले गई। जहां पर डॉक्टर ने देखने के बाद बताया कि यह हिरन पांडा प्रजाति का हैं। हिरन के शरीर में कई जगह चोट के निशान थे। अधिक खून निकलने से हिरन की मौत होना माना जा रहा हैं। अनुमान लगाया गया कि हिरन किसी वाहन के टकराने के बाद घायल हुआ था। कटरी से सटे इलाके में पांडा प्रजाति का हिरन मिलने से माना जा रहा हैं कि क्षेत्र में कई और भी हिरन होंगे। इसके लिए वन विभाग की टीम ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी हैं।