गुरुग्राम : एम्मार रेजिडेंसी होटल में महिला गेस्ट से रेप के मामले में मैनेजर गिरफ्तार
गुरुवार, 3 मई 2018
गुरुग्राम पुलिस ने यहां के एक नामी होटल में एक महिला गेस्ट के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के मामले में होटल के मैनेजर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि यह घटना यहां के एम्मार रेजिडेंसी होटल में हुई जहां पिछले एक महीने से 22 वर्षीय महिला और उसके पति रुके हुए थे। आरोपी राघव होटल में डिमांड मैनेजर के रूप में कार्यरत था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि राघव ने उससे कहा कि वह रविवार को दूसरे कमरे में शिफ्ट कर सकती हैं। उसने उससे अपने पति के काम से वापस लौटने तक इंतजार करने को कहा। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उस समय वह ठीक महसूस नहीं कर रही थी और अचानक बेहोश हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात में करीब 11.45 बजे पर राघव उसके कमरे में घुस आया। जब उसे होश आया तो उसे महसूस हुआ कि उसके साथ बलात्कार हुआ है। उसने राघव को बुलाया और जब उसने पुलिस के पास जाने की धमकी दी तो उसने अपराध की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि बाद में दंपत्ति ने बलात्कार की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।