राजस्व संबंधित कार्यों की अपर समाहर्ता ने की समीक्षा।
शनिवार, 14 जून 2025
Comment
भानुमित्र संवाददाता।
रामगढ़ राजस्व संबंधित कार्यों को लेकर शनिवार को उपायुक्त, रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। राजस्व संग्रहण कार्यों की समीक्षा के क्रम में अपर समाहर्ता ने आंतरिक संसाधन, उत्पाद, खनन विद्युत सहित अन्य संबंधित विभागों से प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप अब तक की गई उपलब्धि की जानकारी ली वहीं उन्होंने ने निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति जल्द से जल्द सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक के दौरान मैनेजर आईटी वेदांत कुमार के द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से अंचलवार विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान अपर समाहर्ता ने दाखिल खारिज मामलों की समीक्षा के क्रम में अपर समाहर्ता ने सेवा का अधिकार अधिनियम का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए दाखिल खारिज संबंधित सभी मामलों को निर्धारित अवधि के दौरान निष्पादित करने का निर्देश दिया। मौके पर अपर समाहर्ता ने सभी अंचलों में न्यायालय संबंधित मामलों में कॉज लिस्ट अपडेट करने का निर्देश दिया। परिशोधन पोर्टल के माध्यम से आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही भूमि संबंधित दस्तावेजों में सुधार सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी लेने के क्रम में अपर समाहर्ता ने पोर्टल पर आए आवेदनों को जल्द से जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी,भूमि सुधार उपसमाहर्ता दीप्ति प्रियंका कुजूर, जिला स्तरीय अधिकारियों, अंचल अधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे।
0 Response to "राजस्व संबंधित कार्यों की अपर समाहर्ता ने की समीक्षा।"
एक टिप्पणी भेजें