-->
खरीफ 2025 बिरसा फसल बीमा योजना पर कार्यशाला आयोजित

खरीफ 2025 बिरसा फसल बीमा योजना पर कार्यशाला आयोजित

पाकुड़: शुक्रवार को रविंद्र भवन टाउन हॉल में खरीफ 2025 के लिए बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, जिला सहकारिता पदाधिकारी चन्द्रजीत खलखो, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, प्रभारी अग्रणी जिला प्रबंधक तथा महेशपुर के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि किसानों की आय वृद्धि के लिए चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ योग्य किसानों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करें तथा उनके संपर्क में रहें। उपायुक्त ने सभी किसानों से इस योजना का लाभ लेने और जागरूक बनने की अपील की। उन्होंने जिले के सभी योग्य किसानों को बिरसा फसल बीमा योजना से शत-प्रतिशत आच्छादित करने का निर्देश दिया।

जिला सहकारिता पदाधिकारी चन्द्रजीत खलखो ने कहा कि खरीफ 2025 के लिए बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा कराया जा रहा है। इसके लिए किसानों को बैंक खाते के सत्यापन हेतु केवल एक रुपया टोकन राशि देनी होगी, जिससे छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों को लाभ मिलेगा।

कार्यशाला में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक तथा जिला उद्यान पदाधिकारी ने भी अपने विचार रखते हुए किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी, ताकि अधिक से अधिक किसान आवेदन कर योजना से लाभान्वित हो सकें। सहकारिता विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संबंध में बीमा कंपनी बजाज आलियांज के प्रतिनिधि राघवेन्द्र सिंह ने विस्तृत जानकारी दी।

मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, सहकारिता निरीक्षक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, प्रगतिशील किसान, कृषक मित्र, बैंककर्मी तथा लैंप्स के सदस्य और सचिव समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

0 Response to "खरीफ 2025 बिरसा फसल बीमा योजना पर कार्यशाला आयोजित"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4