प्रतिबंधित लॉटरी की बड़ी खेप जब्त, एक गिरफ्तार
सोमवार, 15 सितंबर 2025
Comment
पाकुड़ : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर प्रतिबंधित लॉटरी की बड़ी खेप जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक ग्लेमर मोटरसाइकिल पर अवैध लॉटरी की खेप लेकर ठिकाने लगाने जा रहे हैं। छापामारी के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों युवक वाहन छोड़कर भागने लगे। इनमें से एक युवक को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक के पास से एक झोले में 304 बंडल (कुल 15,200 पीस) प्रतिबंधित लॉटरी बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 71 हजार रुपये है। इसके साथ ही एक ग्लेमर मोटरसाइकिल (JH16H0512) और एक रियलमी स्मार्टफोन भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अलिउल शेख (24 वर्ष), पिता असराफुल शेख, ग्राम झिकरहटी थाना पाकुड़ (मुफस्सिल) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में अग्रसारित किया। वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इस संबंध में मालपहाड़ी ओपी कांड संख्या 251/2025, दिनांक 15.09.2025 दर्ज किया गया है। मामला धारा 297/318(4)/3(5) बीएनएस 2023 एवं 7(3) लॉटरी रेगुलेशन एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
0 Response to "प्रतिबंधित लॉटरी की बड़ी खेप जब्त, एक गिरफ्तार"
एक टिप्पणी भेजें