लिट्टीपाड़ा थाना में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित
सोमवार, 15 सितंबर 2025
Comment
लिट्टीपाड़ा : दुर्गा पूजा पर्व को लेकर सोमवार को लिट्टीपाड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विनय कुमार ने की।
थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से कहा कि दुर्गा पूजा सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। पूजा पंडाल में सरकार द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंडाल किसी भी रास्ते पर नहीं बने, ताकि आकस्मिक स्थिति में अग्निशामक वाहन आसानी से पहुंच सके। साथ ही पंडालों में सीसीटीवी लगाने की भी बात कही गई।
थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि पूजा शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी न करें। फेसबुक, व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट या फोटो साझा करने वालों पर पुलिस की सख्त नजर रहेगी।
उन्होंने सभी पूजा समितियों से कहा कि विजयदशमी का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में, बिना किसी भेदभाव के मनाया जाए और प्रशासन को हर संभव सहयोग दिया जाए। यदि कहीं कोई घटना या अशांति फैलाने की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
0 Response to "लिट्टीपाड़ा थाना में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित"
एक टिप्पणी भेजें