-->
नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह के तहत सदर अस्पताल पाकुड़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह के तहत सदर अस्पताल पाकुड़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पाकुड़ : नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह (15 से 23 नवंबर 2025) के अंतर्गत आज सदर अस्पताल पाकुड़ के एसएनसीयू (SNCU) में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने की। इस दौरान उपस्थित लाभार्थियों के साथ नवजात शिशुओं की देखभाल के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

सिविल सर्जन ने कहा कि जन्म का पहला घंटा, पहला दिन, पहला सप्ताह और पहला माह नवजात शिशु के स्वास्थ्य एवं जीवन सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस अवधि में सही देखभाल न केवल बच्चे के समुचित विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि संक्रमण एवं विभिन्न रोगों से बचाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने लाभार्थियों से आग्रह किया कि अस्पताल में डॉक्टर एवं नर्स द्वारा दी गई सलाह और निर्देशों का अनुपालन घर पर भी सावधानीपूर्वक किया जाए, ताकि नवजात के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

कार्यक्रम में मेडिकल ऑफिसर अमन ने नवजात शिशु की देखभाल से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मां का पहला पीला दूध ‘कोलोस्त्रम’ नवजात के लिए अत्यंत लाभकारी होता है। यह बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है और अनेक संक्रमणों से बचाव प्रदान करता है। सर्दी के मौसम में नवजात को गर्म कपड़े पहनाने, ठंड से बचाने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर बच्चे को तुरंत सदर अस्पताल में लाने की सलाह दी गई।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक कुमार ने नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह के उद्देश्य, इसके तहत संचालित गतिविधियों तथा समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह के माध्यम से मातृ एवं नवजात स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

लाभार्थियों के बीच बर्थ केयर किट व पोषण सप्लीमेंट का वितरण
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन सुरेंद्र कुमार मिश्रा द्वारा नवजात एवं मातृ स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लाभार्थियों के बीच पोषण सप्लीमेंट एवं बर्थ केयर किट का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक विनोद कुमार वर्मा, अश्लीना हेंब्रम, आकाश कुमार, पूनम नम्रता, एएनएम अनिता सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

0 Response to "नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह के तहत सदर अस्पताल पाकुड़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4