-->
इलाज को लेकर लापरवाही से छात्र की मौत, परिजनों ने किया सड़क जाम

इलाज को लेकर लापरवाही से छात्र की मौत, परिजनों ने किया सड़क जाम

पाकुड़िया : थाना क्षेत्र के क्राइस्ट एडवेंटिस्ट स्कूल, गोविंदपुर के छात्रावास में रहने वाले प्रथम वर्ग के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अमरापारा थाना क्षेत्र के छोटा पहाड़पुर निवासी 12 वर्षीय रोहित मरांडी की तबीयत दो दिन पहले छात्रावास में ही बिगड़ गई थी।

परिजनों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन ने समय पर उसका सही इलाज नहीं कराया और न ही तत्काल सूचना दी। देर से सूचना मिलने पर परिजन गुरुवार को विद्यालय पहुंचे और रोहित को इलाज के लिए अमरापारा ले जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अमरापारा पहुंचने पर एक निजी चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की जानकारी मिलते ही आक्रोशित स्वजन शुक्रवार दोपहर शव को पुनः विद्यालय लेकर पहुंचे और अमरापारा जाने वाली पी डब्ल्यू डी सड़क पर जाम लगा दिया। तकरीबन दो से तीन घंटे तक सड़क पर वाहनों का परिचालन बाधित रहा। सूचना मिलने पर पाकुड़िया पुलिस विद्यालय पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृत छात्र रोहित मरांडी प्रथम वर्ग का छात्र था। परिजन विद्यालय प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और सूचना देने में देरी का आरोप लगा रहे थे। बाद में विद्यालय प्रबंधन और स्वजनों के बीच हुई वार्ता के बाद मुआवजा राशि दिए जाने पर सहमति बनी, जिसके बाद परिजनों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और शव को घर ले गए।

थाना प्रभारी के अनुसार मुआवजा मिलने के बाद आपसी सहमति से परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए।

0 Response to "इलाज को लेकर लापरवाही से छात्र की मौत, परिजनों ने किया सड़क जाम"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4