जल जीवन मिशन अंतर्गत जिला स्तरीय जल जांच प्रशिक्षण एवं एफटीके किट वितरण कार्यक्रम आयोजित
सोमवार, 24 नवंबर 2025
Comment
पाकुड़ : सोमवार को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, पाकुड़ द्वारा जल जीवन मिशन के तहत एकदिवसीय जिला स्तरीय जल जांच (एफटीके) प्रशिक्षण एवं किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक अभियंता–सह–नोडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय प्रयोगशाला अभिजीत किशोर द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक अभियंता ने कहा कि जल आनंद का स्रोत है, ऊर्जा का भंडार है, पवित्र करने वाला है और मां की तरह पोषण देने वाला जीवन दाता है। जल के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। इसलिए पेयजल स्रोतों की नियमित जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगे बताया कि फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) के माध्यम से जलसहिया दीदी, विद्यालय, आंगनबाड़ी तथा ग्राम स्तर पर चयनित प्रतिनिधि चापाकलों एवं अन्य पेयजल स्रोतों की नियमित जल जांच करेंगे, ताकि जल की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। मानसून के पूर्व और पश्चात किए गए सभी परीक्षणों की प्रतिवेदन जिला स्तरीय एनएबीएल प्रयोगशाला में जमा की जाती है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक (एमआईएस) रितेश कुमार, आईसी विशेषज्ञ इमरान आलम, प्रयोगशाला तकनीशियन नंदकिशोर मंडल, गुणवत्ता प्रबंधक सौरभ कुमार, प्रयोगशाला सहायक लोकेश हेम्ब्रम द्वारा जल जीवन मिशन पोर्टल पर दूरभाष यंत्र के माध्यम से जल परीक्षण प्रतिवेदन ऑनलाइन अपलोड करने की पूरी तकनीकी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
जलसहिया दीदियों की सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में प्रखंड पाकुड़ की सभी जलसहिया दीदियाँ सक्रिय रूप से शामिल हुईं। प्रशिक्षण के उपरांत सभी जलसहियाओं को फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) का वितरण किया गया, ताकि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में जल गुणवत्ता की निरंतर निगरानी सुनिश्चित कर सकें।
0 Response to "जल जीवन मिशन अंतर्गत जिला स्तरीय जल जांच प्रशिक्षण एवं एफटीके किट वितरण कार्यक्रम आयोजित"
एक टिप्पणी भेजें