डांगापाड़ा पंचायत में आयोजित ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ शिविर का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
रविवार, 23 नवंबर 2025
Comment
पाकुड़ : आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार कार्यक्रम अंतर्गत संचालित ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत आज हिरणपुर प्रखंड के डांगापाड़ा पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा किया गया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने शिविर स्थल पर पहुँचकर विभागीय काउंटरों, सेवा वितरण व्यवस्था, आवेदनों के निष्पादन की स्थिति तथा लाभुकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लाभुकों तक पहुँच सके।
उपायुक्त ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को सभी सरकारी सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हों और उन्हें कार्यालयों का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े। यह कार्यक्रम शासन को जनता की दहलीज तक पहुँचाने का प्रभावी एवं सशक्त माध्यम है। प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि कोई भी पात्र लाभुक किसी सेवा से वंचित न रहे। समयबद्धता, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण सेवा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंत में लाभुकों के बीच सेवा का लाभ, चेक, प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया।
0 Response to "डांगापाड़ा पंचायत में आयोजित ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ शिविर का उपायुक्त ने किया निरीक्षण"
एक टिप्पणी भेजें