कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, हिरणपुर में फाइलेरिया उन्मूलन हेतु जागरूकता सह दवा सेवन शिविर आयोजित
बुधवार, 11 फ़रवरी 2026
Comment
हिरणपुर : हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जागरूकता सह दवा सेवन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा का सेवन कराया गया तथा रोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, प्रखंड विकास पदाधिकारी हिरणपुर दिलीप टुडु, अंचलाधिकारी मनोज कुमार एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार सिंह की उपस्थिति रही। सभी पदाधिकारियों ने छात्राओं को दवा सेवन के महत्व को समझाते हुए नियमित रूप से स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने का संदेश दिया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार सिंह ने छात्राओं को फाइलेरिया रोग के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर किन्तु पूर्णतः रोके जा सकने वाला रोग है। सरकार द्वारा संचालित सामूहिक दवा सेवन अभियान इस रोग के उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। समय पर दवा सेवन करने से इस बीमारी से बचाव संभव है।
अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी ने छात्राओं एवं शिक्षिकाओं से अपील की कि वे स्वयं दवा का सेवन करने के साथ-साथ अपने घर-परिवार और आसपास के लोगों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित करें, ताकि समाज को इस बीमारी से मुक्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही फाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
शिविर के माध्यम से विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला तथा छात्राओं ने उत्साहपूर्वक दवा का सेवन किया।
0 Response to "कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, हिरणपुर में फाइलेरिया उन्मूलन हेतु जागरूकता सह दवा सेवन शिविर आयोजित"
एक टिप्पणी भेजें