जनता दरबार में आमजनों की समस्याओं से रूबरू हुए उपायुक्त, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
मंगलवार, 3 फ़रवरी 2026
Comment
पाकुड़ : आम जनमानस की समस्याओं के समाधान और त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार के दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा।
जनता दरबार में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को एक-एक कर सुना गया तथा यह आश्वासन दिया गया कि संज्ञान में आई सभी शिकायतों की जांच कराते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान पशुपालन विभाग से संबंधित, भूमि विवाद से जुड़े, जन्म तिथि सुधार, स्वास्थ्य विभाग से संबंधित तथा अन्य विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन और शिकायतें सामने आईं।
सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनने के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की भौतिक जांच करते हुए उसका निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इसके साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि सभी संबंधित पदाधिकारी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर अपनी प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें, ताकि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
जनता दरबार के माध्यम से आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला, जिससे प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूती मिली है।
0 Response to "जनता दरबार में आमजनों की समस्याओं से रूबरू हुए उपायुक्त, त्वरित समाधान के दिए निर्देश"
एक टिप्पणी भेजें