श्री श्री 1008 विष्णु महायज्ञ का सातवां दिन, मेले में उमड़ी भारी
शनिवार, 28 मार्च 2026
Comment
पाकुड़िया : पाकुड़िया प्रखंड मुख्यालय स्थित रामलला यज्ञ मैदान में आयोजित श्री श्री 1008 विष्णु महायज्ञ का सातवां दिन शनिवार, 28 मार्च को श्रद्धा, आस्था और भारी भीड़ के बीच संपन्न हुआ। शनिवार को पाकुड़िया हाटिया लगने के कारण मेले में लोगों की संख्या अचानक बढ़ गई, जिससे पूरा यज्ञ परिसर और आसपास का क्षेत्र खचाखच भरा नजर आया।
सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, लेकिन दोपहर तक भीड़ काफी बढ़ गई। मेले में दुकानों, झूलों, मीना बाजार, तारामाची और खाने-पीने के स्टॉलों पर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग के लोग मेले का आनंद लेते नजर आए। कई स्थानों पर भीड़ अधिक होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी भी हुई, फिर भी उत्साह बना रहा।
महायज्ञ स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया। श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेते दिखे। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया। भारती हांसदा द्वारा बंगला और संथाली भाषा में पाला कीर्तन की प्रस्तुति दी गई, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। उनके भक्ति गीतों पर लोग झूमते नजर आए और पूरा परिसर तालियों व जयकारों से गूंज उठा।
मेले में हर गली, हर स्टॉल और झूलों के पास लोगों की भीड़ उमड़ी रही। खान-पान, घरेलू सामान और खिलौनों की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ देखी गई। सर्कस सहित अन्य मनोरंजन के साधन भी आकर्षण का केंद्र बने रहे।
0 Response to "श्री श्री 1008 विष्णु महायज्ञ का सातवां दिन, मेले में उमड़ी भारी"
एक टिप्पणी भेजें