11 हजार बच्चियों को लगेगा एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर रोकथाम की पहल तेज
गुरुवार, 26 मार्च 2026
Comment
पाकुड़ : सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए जिले में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन ने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की करीब 11 हजार बच्चियों के टीकाकरण का लक्ष्य तय किया है। इसको लेकर समाहरणालय सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड से सीआरपी और हर विद्यालय से एक शिक्षक को नोडल पदाधिकारी बनाया जाए, ताकि अभियान का सफल संचालन सुनिश्चित हो सके।
जानकारी दी गई कि एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी है। पहले चरण में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बच्चियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह अभियान 1 अप्रैल से शुरू होकर शुरुआती तीन माह तक कैंप मोड में चलेगा।
उपायुक्त ने कहा कि यह टीका सुरक्षित और प्रभावी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लक्षित आयु वर्ग की सभी बच्चियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रशिक्षण, शीत श्रृंखला, सूक्ष्म योजना, निगरानी, संसाधन प्रबंधन और इंजेक्शन सुरक्षा जैसे सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में जागरूकता पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को समन्वय के साथ काम करने तथा भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित कर अभिभावकों को जागरूक करने पर भी बल दिया गया।
प्रखंड स्तर पर भी टास्क फोर्स की बैठकें होंगी और नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। टीकाकरण के दौरान और बाद में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। प्रशासन ने इसे भावी पीढ़ी को गंभीर बीमारी से बचाने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया है।
0 Response to "11 हजार बच्चियों को लगेगा एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर रोकथाम की पहल तेज"
एक टिप्पणी भेजें