एचपीवी टीकाकरण को लेकर सख्ती, हर किशोरी तक टीका पहुंचाने का लक्ष्य
सोमवार, 30 मार्च 2026
Comment
पाकुड़िया: प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चिकित्सा पदाधिकारी भरत भूषण भगत ने की।
बैठक में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लेते हुए अभियान को सफल बनाने पर विस्तृत चर्चा की। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी किशोरियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया गया। इसके लिए निर्देश दिया गया कि हर पात्र बच्ची तक टीका पहुंचाया जाए।
स्कूल स्तर पर विशेष अभियान चलाने, शिक्षकों का सहयोग लेने और अभिभावकों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। साथ ही स्कूलों में विशेष शिविर लगाकर छात्राओं का टीकाकरण किया जाएगा। स्कूल से बाहर की बच्चियों के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बताया गया कि बेहतर समन्वय से अभियान को और गति दी जाएगी, ताकि कोई भी बच्ची टीकाकरण से वंचित न रह जाए। विशेषज्ञों ने कहा कि यह टीका गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव में प्रभावी है और कम उम्र में इसका लगना अधिक लाभकारी होता है।
0 Response to "एचपीवी टीकाकरण को लेकर सख्ती, हर किशोरी तक टीका पहुंचाने का लक्ष्य"
एक टिप्पणी भेजें