महादेवपुर और डुमरचीर में कालाजार के बढ़ते मामलों पर विशेष अभियान, फील्ड विजिट और रात्रि चौपाल से जागरूकता तेज
मंगलवार, 31 मार्च 2026
Comment
पाकुड़: सदर प्रखंड के महादेवपुर तथा अमड़ापाड़ा प्रखंड के डुमरचीर में कालाजार के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान चलाया। इसके तहत फील्ड विजिट, चिकित्सा शिविर और रात्रि चौपाल का आयोजन कर लोगों को जागरूक करने के साथ उपचार पर विशेष जोर दिया गया।
यह अभियान जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ अमित कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया। इस दौरान अमड़ापाड़ा एवं सदर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शिवम, जिला भीवीडी परामर्शी अंकित कुमार, केटीएस ज्योतिन मुर्मू सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही।
फील्ड विजिट के दौरान टीम ने प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान की और आवश्यक जांच व उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की। साथ ही ग्रामीणों को कालाजार के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान कीट सर्वेक्षण भी किया गया, जिसके तहत क्षेत्र में सैंडफ्लाई के घनत्व का आकलन किया गया। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर आगे की नियंत्रण रणनीतियों को और मजबूत किया जाएगा।
अमड़ापाड़ा प्रखंड में रात्रि चौपाल का भी आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर कालाजार के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई। लोगों को समय पर जांच कराने, पूरा उपचार लेने तथा छिड़काव जैसे नियंत्रण उपायों के महत्व के बारे में बताया गया।
0 Response to "महादेवपुर और डुमरचीर में कालाजार के बढ़ते मामलों पर विशेष अभियान, फील्ड विजिट और रात्रि चौपाल से जागरूकता तेज"
एक टिप्पणी भेजें