सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में अभिभावक-शिक्षक बैठक व परीक्षा परिणाम वितरण समारोह संपन्न, मेधावी छात्र सम्मानित
शनिवार, 28 मार्च 2026
Comment
पाकुड़ : जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ राज प्लस टू विद्यालय में शनिवार को शैक्षणिक सत्र के समापन के अवसर पर अभिभावक-शिक्षक बैठक एवं परीक्षा परिणाम वितरण समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रांगण में दोपहर 12 बजे से आयोजित कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुमिता मरांडी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राजू नन्दन साहा ने की। इस दौरान कक्षा 6 से 11 तक के छात्र-छात्राओं के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए गए तथा उन्हें प्रगति पत्र वितरित किया गया। साथ ही पूरे वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि अनिता पूर्ति ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय और घर दोनों का वातावरण सकारात्मक होना आवश्यक है। इसके लिए शिक्षकों और अभिभावकों के बीच निरंतर संवाद और समन्वय जरूरी है। उन्होंने छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं सुमिता मरांडी ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए छात्रों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य राजू नन्दन साहा ने अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए बीते शैक्षणिक सत्र की उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही आगामी सत्र की योजनाओं, लक्ष्यों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी भी साझा की।
0 Response to "सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में अभिभावक-शिक्षक बैठक व परीक्षा परिणाम वितरण समारोह संपन्न, मेधावी छात्र सम्मानित"
एक टिप्पणी भेजें