ओपन स्मार्ट कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित
रविवार, 29 मार्च 2026
Comment
पाकुड़: ओपन स्मार्ट कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अमरेंद्र सिन्हा, डॉ. मनोहर कुमार, मनोज भगत एवं कृष्णा भगत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सेंटर के निदेशक कुमार आर्यन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की उपलब्धियों और छात्रों के भविष्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में कंप्यूटर शिक्षा के साथ कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने बताया कि भविष्य में संस्थान द्वारा उद्योग की मांग के अनुरूप नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे छात्रों को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर आईएचसीएल एवं एचएचएच फाउंडेशन द्वारा संचालित 45 दिवसीय निःशुल्क कौशल विकास पाठ्यक्रम की जानकारी दी गई। ट्रेनर शांतनु महापात्रा ने पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से छात्र विभिन्न उपयोगी कौशल सीखकर अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं। इस पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है, जो उनके विकास में सहायक होता है। साथ ही प्रतिभागियों को एक संपूर्ण किट भी प्रदान की जाती है, जिससे वे सीखी गई चीजों का अभ्यास कर सकें।
समारोह के दौरान छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें गीत, भाषण एवं अन्य गतिविधियाँ शामिल थीं। रितेंद्र, शिवा, अंकिता, अभिजीत, सत्यम, स्नेहा एवं ज्योति ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथियों ने छात्रों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
0 Response to "ओपन स्मार्ट कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित"
एक टिप्पणी भेजें