केमिस्ट-ड्रगिस्ट एसोसिएशन की वार्षिक बैठक सह चुनाव सम्पन्न, नशे व नकली दवाओं के खिलाफ मुहिम पर जोर
रविवार, 29 मार्च 2026
Comment
पाकुड़: पाकुड़ केमिस्ट और ड्रगिस्ट एसोसिएशन की वार्षिक बैठक सह चुनाव शहरकोल स्थित प्रेमकुंज धर्मशाला में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मनीष कुमार, अध्यक्ष संचय वर्धन, चुनाव प्रेक्षक अनुपम कुमार सिंह व कृष्णा कुमार भगत द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
बैठक में उपायुक्त का स्वागत एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा किया गया। बैठक में जानकारी दी गई कि वार्षिक बैठक के दौरान संगठन का चुनाव कराया जाएगा तथा संगठन को सशक्त बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी। इस अवसर पर जिले भर के मेडिकल स्टोर संचालक उपस्थित रहे।
उपस्थित संचालकों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मेडिकल का संचालन सेवा का कार्य है। आमतौर पर लोग डॉक्टर के पास जाने से पहले मेडिकल स्टोर का रुख करते हैं, ऐसे में संचालकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने इसे जीवन बचाने से जुड़ा कार्य बताया और कोविड जैसी महामारी के दौरान दी गई सेवाओं को सराहनीय बताया।
उपायुक्त ने अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की दवाएं न दी जाएं और इसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाए ताकि युवा नशे से दूर रह सकें। साथ ही नकली दवाओं की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए इसके विरुद्ध भी अभियान चलाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने एक्सपायरी दवाओं को अलग रखने और लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
उपायुक्त ने रात्रि में मेडिकल दुकानें खुली रखने के निर्देश का पालन करने के लिए शेड्यूल बनाकर सेवा जारी रखने को कहा। साथ ही अन्य प्रखंडों में भी इस व्यवस्था को लागू करने का आग्रह किया। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए सभी संचालकों से रक्तदान करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जिले के प्रत्येक प्रखंड से दो बुजुर्ग मेडिकल संचालकों को सम्मानित किया गया।
बैठक के दूसरे सत्र में चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न हुई। चुनाव प्रेक्षक अनुपम कुमार सिंह, कृष्णा कुमार भगत तथा चुनाव पदाधिकारी डॉक्टर फारूक जमील, डॉक्टर अनुज कुमार और एस चक्रवर्ती द्वारा प्रक्रिया पूरी कराई गई। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए संचय वर्धन, सचिव पद के लिए अरविंद भगत, कोषाध्यक्ष पद के लिए देवनाथ भगत, उपाध्यक्ष पद के लिए अली अख्तर, संगठन सचिव पद के लिए राजू दत्ता तथा सह सचिव पद के लिए सुवेंदु विकास मंडल ने नामांकन किया। सभी पदों पर एक-एक नामांकन होने के कारण प्रस्ताव को अनुमोदन के लिए उच्च स्तर पर भेजा गया।
0 Response to "केमिस्ट-ड्रगिस्ट एसोसिएशन की वार्षिक बैठक सह चुनाव सम्पन्न, नशे व नकली दवाओं के खिलाफ मुहिम पर जोर"
एक टिप्पणी भेजें