-->
153 सरकारी परिसरों का कायाकल्प, ग्राम पंचायतों ने बिछाया विकास का मजबूत आधार

153 सरकारी परिसरों का कायाकल्प, ग्राम पंचायतों ने बिछाया विकास का मजबूत आधार

पाकुड़: पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। 15वें वित्त आयोग की अनाबद्ध निधि के अंतर्गत ग्राम पंचायतों द्वारा व्यापक कार्ययोजना बनाकर 153 चिन्हित स्थलों पर पेवर्स ब्लॉक निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस अभियान के तहत ग्राम पंचायतों ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा पंचायत सचिवालय को प्राथमिकता दी है। इन सभी 153 स्थलों पर पेवर्स ब्लॉक बिछाने का कार्य प्रगति पर है, जिससे सरकारी परिसरों की तस्वीर तेजी से बदल रही है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी परिसरों को कीचड़, जलजमाव और अव्यवस्था से मुक्त कर स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में बच्चों के लिए खेल मैदान और आने-जाने के रास्तों को पक्का कर सुरक्षित बनाया जा रहा है। वहीं पंचायत भवनों को भी व्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक रूप दिया जा रहा है, जिससे आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
पेवर्स ब्लॉक के उपयोग से परिसरों की मजबूती और आयु में वृद्धि होगी, साथ ही रखरखाव भी सरल हो जाएगा। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में मॉडल ग्राम की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हो रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय से संचालित यह अभियान विकास की नई दिशा तय कर रहा है। 15वें वित्त आयोग की निधि का पारदर्शी और योजनाबद्ध उपयोग अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है। इस कार्य से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और सार्वजनिक संपत्तियों के प्रति जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना मजबूत हो रही है।

0 Response to "153 सरकारी परिसरों का कायाकल्प, ग्राम पंचायतों ने बिछाया विकास का मजबूत आधार"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4