स्कूल छोड़ने जा रहे पिता की हाईवा की चपेट में मौत, मासूम बेटी गंभीर
रविवार, 12 अप्रैल 2026
Comment
हिरणपुर : हिरणपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अपनी 8 वर्षीय बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे सिदो किस्कू की तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
घटना हिरणपुर थाना क्षेत्र के शहरपुर मौजा की है। जानकारी के अनुसार, शहरपुर निवासी सिदो किस्कू अपनी 8 साल की बेटी को बाइक पर बैठाकर स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान लोकनाथ भगत क्रशर प्लांट से निकल रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सिदो किस्कू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, पीछे बैठी उनकी बेटी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने क्रशर प्लांट से निकलने वाले भारी वाहनों की तेज और अनियंत्रित रफ्तार पर आक्रोश जताया। उन्होंने दोषी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
0 Response to "स्कूल छोड़ने जा रहे पिता की हाईवा की चपेट में मौत, मासूम बेटी गंभीर"
एक टिप्पणी भेजें