-->
लिट्टीपाड़ा प्रखंड में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित, पीवीटीजी सर्वेक्षण और जनगणना 2027 को लेकर दिए गए सख्त निर्देश

लिट्टीपाड़ा प्रखंड में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित, पीवीटीजी सर्वेक्षण और जनगणना 2027 को लेकर दिए गए सख्त निर्देश

लिट्टीपाड़ा : प्रखंड कार्यालय लिट्टीपाड़ा में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, मोबिलाइज़र तथा संबंधित कर्मियों की उपस्थिति रही। बैठक के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई और कार्यों को समयबद्ध तथा प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के अधिकारिता सर्वेक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। बीडीओ ने निर्देश दिया कि जिन ग्रामों में अब तक सर्वेक्षण कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है, उन्हें चिन्हित कर शीघ्रता से सर्वेक्षण कार्य पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभुक योजना से वंचित न रह जाए।
इसके साथ ही वर्ष 2027 में प्रस्तावित जनगणना को लेकर भी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में घर सूचीकरण खंड का गठन, मकान सूचीकरण, महत्वपूर्ण स्थलों का चिन्हांकन तथा समय पर प्रतिवेदन जमा करने को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए। सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए कहा गया।
पंद्रहवें वित्त आयोग के अंतर्गत व्यय, उपयोगिता प्रमाण पत्र तथा लेखा परीक्षण प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने पर भी विशेष बल दिया गया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
मनरेगा के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए बीडीओ ने सभी 17 पंचायतों में अधिक से अधिक मजदूरों का मांग पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डोभा, टीसीबी, बिरसा सिंचाई कूप, खेल मैदान, आंगनबाड़ी केंद्र एवं अबुआ आवास जैसी योजनाओं में तेजी लाते हुए अप्रैल माह तक 58,989 मानव दिवस सृजन का लक्ष्य हासिल करने को कहा गया।
इसके अलावा सभी योजनाओं को समय पर पूर्ण कर मनरेगा सॉफ्ट में बंद करने, आंगनबाड़ी केंद्रों का शीघ्र निर्माण कर हस्तांतरण सुनिश्चित करने तथा सक्रिय मजदूरों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी कमल पहाड़िया, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुनील मुर्मू, जनगणना कोषांग प्रभारी के. सी. दास, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मानिक दास सहित सभी संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

0 Response to "लिट्टीपाड़ा प्रखंड में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित, पीवीटीजी सर्वेक्षण और जनगणना 2027 को लेकर दिए गए सख्त निर्देश"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4