‘बैक टू स्कूल’ अभियान को लेकर कार्यशाला आयोजित, नामांकन बढ़ाने पर जोर
मंगलवार, 14 अप्रैल 2026
Comment
लिट्टीपाड़ा : प्लस टू उच्च विद्यालय लिट्टीपाड़ा परिसर में सोमवार को ‘बैक टू स्कूल’ अभियान को लेकर एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी आतिश भट्टाचार्य व मुखिया शिव टुडू द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रखंड क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना तथा नामांकन दर में वृद्धि सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने जानकारी दी कि आगामी 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष नामांकन पखवाड़ा चलाया जाएगा। इस दौरान सभी शिक्षकों एवं शिक्षा कर्मियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चों का कक्षा 1 में अनिवार्य रूप से नामांकन कराया जाए, ताकि प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव रखी जा सके। साथ ही कक्षा 1 से 11 तक के सभी छात्र-छात्राओं का अगली कक्षा में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा विद्यालय छोड़ने वाले बच्चों की समस्या को समाप्त करने पर विशेष जोर दिया गया।
शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि यदि सक्रिय रूप से इस अभियान में सहयोग करें, तो शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यशाला में प्रखंड के सभी बीआरपी, सीआरपी तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
0 Response to "‘बैक टू स्कूल’ अभियान को लेकर कार्यशाला आयोजित, नामांकन बढ़ाने पर जोर"
एक टिप्पणी भेजें