पेयजल कनेक्शन शुल्क ₹7000 घटाने और धार्मिक स्थलों में निःशुल्क कनेक्शन की मांग को लेकर आवेदन सौंपा
सोमवार, 6 अप्रैल 2026
Comment
पाकुड़: नगर परिषद में पेयजल कनेक्शन के लिए निर्धारित ₹7000 सुरक्षा राशि को कम करने तथा धार्मिक स्थलों में निःशुल्क कनेक्शन देने की मांग को लेकर शाहिद इक़बाल, झामुमो पूर्व केंद्रीय समिति सदस्य एवं फारूक आलम अंसारी, झारखंड आंदोलनकारी द्वारा नगर परिषद अध्यक्ष एवं कार्यपालक पदाधिकारी के साथ साक्षात्कार कर अपनी बात रखी गई।
इस दौरान उन्होंने पेयजल के नए कनेक्शन के लिए नगर परिषद द्वारा निर्धारित ₹7000 प्रति कनेक्शन सुरक्षा राशि को अत्यधिक बताते हुए इस पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि यह राशि नगर परिषद क्षेत्र के आम लोगों के लिए काफी अधिक है, जबकि इस प्रकार की सुरक्षा राशि सामान्यतः नगर निगम क्षेत्रों में लागू होती है। ऐसे में पाकुड़ नगर परिषद में इस दर को कम किया जाना आवश्यक है ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
इस संबंध में एक आवेदन नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल एवं कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र चौधरी को सौंपा गया, जिसमें स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि वर्तमान निर्धारित सुरक्षा राशि ₹7000 आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।
आवेदन में यह भी मांग की गई है कि नगर परिषद क्षेत्र के मंदिर, मस्जिद, चर्च एवं गुरुद्वारा जैसे धार्मिक स्थलों को बिना किसी सुरक्षा राशि के निःशुल्क पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि इससे समाज के सभी वर्गों को सुविधा मिलेगी और धार्मिक स्थलों पर आने वाले लोगों को भी पेयजल की बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।
0 Response to "पेयजल कनेक्शन शुल्क ₹7000 घटाने और धार्मिक स्थलों में निःशुल्क कनेक्शन की मांग को लेकर आवेदन सौंपा"
एक टिप्पणी भेजें