-->
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध हुआ पाकुड़,‘गानेर तोरि’ के नन्हे कलाकारों ने बिखेरा जलवा

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध हुआ पाकुड़,‘गानेर तोरि’ के नन्हे कलाकारों ने बिखेरा जलवा

पाकुड़: शहरकोल स्थित प्रथम कोचिंग संस्थान के प्रांगण में सोमवार, 30 मार्च की शाम सुर, ताल और नृत्य की त्रिवेणी बही। संस्थान द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में गानेर तोरि संगीत प्रतिष्ठान, राजापाड़ा के छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

 मुख्य अतिथियों ने की सराहना 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्षा सर्बरी पाल मौजूद रहीं। उनके साथ समाजसेवी सोमनाथ पाल और आशु चौधरी भी उपस्थित थे। 4 से 14 वर्ष तक के बच्चों द्वारा प्रस्तुत गायन, वादन और नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सर्बरी पाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और भविष्य में हर संभव सहयोग देने की बात कही।

 मोबाइल और नशे के खिलाफ संगीत बना माध्यम


गानेर तोरि संगीत प्रतिष्ठान की प्राचार्या डॉ. इप्सिता साहा पांडे ने कहा कि आज बच्चों को मोबाइल की लत और नशे जैसी बुराइयों से बचाना बड़ी चुनौती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को संगीत, कला, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ें, ताकि वे इन कुरीतियों से दूर रह सकें।
उन्होंने माताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों को केवल विद्यालय तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर दें। इससे बच्चों में आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होता है।

 तीन दिवसीय प्रतियोगिता की तैयारी

प्राचार्या ने जानकारी दी कि दुर्गा पूजा के बाद तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना है। इसके लिए उन्होंने समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की और विश्वास जताया कि जनसंचार माध्यमों का भी भरपूर सहयोग मिलेगा।


 इन कलाकारों ने जीता दिल

कार्यक्रम को सफल बनाने में ईनेश, पृथ्वी, अवर्णा, प्रिशा, सौमीता, अंकिता, श्रद्धा, मिठी, संचिता, डिंपल, जानवी, अंजना, श्रुति, सानु, परमानंद, जैक्सन, अंशुमान और पवन की प्रस्तुतियां सराहनीय रहीं।
नृत्य निर्देशन शर्मिष्ठा दास ने किया, जबकि तबला संगत अर्पण घोष ने दी।
यह कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ समाज को सकारात्मक दिशा देने का संदेश भी दे गया।

0 Response to "सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध हुआ पाकुड़,‘गानेर तोरि’ के नन्हे कलाकारों ने बिखेरा जलवा"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4