खनन विभाग की सख्त निगरानी से बढ़ी वसूली, अवैध कारोबार पर लगा लगाम
बुधवार, 1 अप्रैल 2026
Comment
पाकुड़: जिले के खनन कार्यालय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व संग्रह के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विभाग ने निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक राशि सरकार के खाते में जमा कराई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इस वर्ष निगरानी व्यवस्था और वसूली प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक प्रभावी रही।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए खनन विभाग को 1,77,012.35 लाख रुपये का लक्ष्य दिया गया था। इसके विरुद्ध विभाग ने 2,13,743.79 लाख रुपये का राजस्व समाहरण किया, जो लक्ष्य का 120.75 प्रतिशत है। इस प्रकार विभाग ने निर्धारित लक्ष्य से 36,731.44 लाख रुपये अधिक राजस्व जुटाया।
यदि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की बात करें, तो उस समय विभाग को 1,25,283.00 लाख रुपये का लक्ष्य मिला था, जबकि राजस्व संग्रह 1,24,044.47 लाख रुपये ही हो सका था, जो लक्ष्य का 99.01 प्रतिशत था। यानी उस वर्ष लक्ष्य के करीब पहुंचने के बावजूद थोड़ी कमी रह गई थी।
इस बार के आंकड़े बताते हैं कि खनन विभाग ने पिछले वर्ष की तुलना में काफी बेहतर प्रदर्शन किया है। राजस्व में हुई इस बढ़ोतरी से सरकार को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं जिले के विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं को भी गति मिलेगी।
जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभाग ने लक्ष्य से अधिक राजस्व संग्रह किया है। उन्होंने कहा कि नियमित निगरानी और लगातार कार्रवाई के कारण यह संभव हो पाया है। आगे भी विभाग इसी तरह कार्य करता रहेगा, ताकि सरकार को सही राजस्व प्राप्त हो और अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी स्थिति में अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
0 Response to "खनन विभाग की सख्त निगरानी से बढ़ी वसूली, अवैध कारोबार पर लगा लगाम"
एक टिप्पणी भेजें