आयुष सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर, उपायुक्त ने की विभागीय समीक्षा
बुधवार, 1 अप्रैल 2026
Comment
पाकुड़: उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयुष विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने आयुष विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए निर्देश दिया कि सेवाओं की गुणवत्ता को बनाए रखते हुए इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आयुष पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रभावी रणनीति एवं व्यापक जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
उपायुक्त ने आगामी वित्तीय वर्ष को ध्यान में रखते हुए विभाग को अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उपलब्ध बजट का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि योजनाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंच सके।
हर्बल गार्डन के विषय में चर्चा करते हुए उपायुक्त ने इसके समुचित रखरखाव, संरक्षण एवं विकास हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर्बल गार्डन को इस प्रकार विकसित किया जाए कि यह आमजन के लिए उपयोगी, शिक्षाप्रद एवं आकर्षक बन सके।
जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विपिन चंद्र गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी माह के लिए 110 आयुष स्वास्थ्य शिविर एवं 800 से अधिक निःशुल्क योग शिविर आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
0 Response to "आयुष सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर, उपायुक्त ने की विभागीय समीक्षा"
एक टिप्पणी भेजें