वन संसाधन और मानव-वन्य जीव सुरक्षा पर युवाओं का परिभ्रमण कार्यक्रम आयोजित
शनिवार, 4 अप्रैल 2026
Comment
पाकुड़िया : शनिवार को लोक कल्याण सेवा केंद्र एवं जिला वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘लोकल टू ग्लोबल परियोजना’ के तहत वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, पाकुड़ वन प्रमंडल में एक दिवसीय स्थानीय युवाओं का परिभ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को वन संसाधनों के संरक्षण, मानव-वन्य जीव संघर्ष की रोकथाम, वनाग्नि तथा अवैध वन कटाई जैसे गंभीर मुद्दों के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाना था।
परिभ्रमण के दौरान वन विभाग के अधिकारी वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू ऑफिसर अशरफुल शेख एवं वन अधिकारी नीलू निकूदीमुस किस्कू ने बताया कि जंगलों में आग लगने से वन्य जीवों के आवास नष्ट होते हैं और पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने अवैध कटाई रोकने में स्थानीय समुदाय की भूमिका को अहम बताते हुए युवाओं से सक्रिय सहयोग की अपील की। साथ ही मानव-वन्य जीव संघर्ष के बढ़ते मामलों को देखते हुए गांवों में जागरूकता अभियान चलाने और वन्य जीवों के लिए सुरक्षित गलियारे विकसित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी युवाओं ने वन क्षेत्र का भ्रमण कर स्थानीय वनस्पतियों, जीव-जंतुओं और पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी प्राप्त की। साथ ही वनाग्नि की घटनाओं पर नियंत्रण के उपायों पर भी चर्चा की गई।
संस्था के अनिल कुमार साह ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है और वे वन संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर युवाओं ने वन विभाग को एक मांग पत्र भी सौंपा।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने जंगलों को आग, अवैध कटाई और मानव-वन्य जीव संघर्ष से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अनिल कुमार, सोहेल अख्तर, आशीष भगत, मार्शिला, सुनीता, गिनी एवं ओलिंडा सहित अन्य लोग उपस्थित थे। संस्था द्वारा पिछले कई वर्षों से स्थानीय जंगलों में वनाग्नि और वन्य जीव संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी सराहना विभागीय पदाधिकारियों द्वारा भी की जाती रही है। युवाओं ने विभाग के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई।
0 Response to "वन संसाधन और मानव-वन्य जीव सुरक्षा पर युवाओं का परिभ्रमण कार्यक्रम आयोजित"
एक टिप्पणी भेजें