खदान में मिला लापता युवक का शव, गांव में पसरा मातम
शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026
Comment
पाकुड़ : सदर प्रखंड के सोनाजोड़ी स्थित प्रधान टोला गांव में उस वक्त मातम पसर गया, जब चार दिनों से लापता 28 वर्षीय कान्हु किस्कू का शव शहरकोल स्थित एक खदान में तैरता हुआ बरामद किया गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कान्हु किस्कू बीते चार दिनों से लापता थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे और आशंका जता रहे थे कि वह शहरकोल की खदान में डूब गए हैं। सोमवार को वह शहरकोल फुटबॉल मैदान में मैच देखने गए थे, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ बच्चों ने उन्हें खदान की ओर जाते हुए देखा था, जिसके बाद से ही परिजनों की चिंता बढ़ गई थी।
शुक्रवार सुबह खदान के पास मौजूद लोगों ने पानी में एक शव तैरता हुआ देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान कान्हु किस्कू के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
0 Response to "खदान में मिला लापता युवक का शव, गांव में पसरा मातम"
एक टिप्पणी भेजें