आयोजित हुआ “जन समाधान दिवस”, विभिन्न विभागों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
शुक्रवार, 8 मई 2026
Comment
लिट्टीपाड़ा : उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, पाकुड़ के निर्देशानुसार शुक्रवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय लिट्टीपाड़ा परिसर में “जन समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों ने उपस्थित रहकर आम जनता, ग्रामीणों एवं लाभुकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा प्राप्त आवेदनों को स्वीकार किया। जन समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक पहल भी की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी संजय कुमार ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजनों की समस्याओं का पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि जन समाधान दिवस के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र निष्पादन के लिए सौंप दिया गया है।
जन समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, आवेदक एवं लाभुक अपनी-अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। लोगों ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, पेयजल, राजस्व मामलों तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए। कई ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया, जिस पर अधिकारियों ने गंभीरता से सुनवाई की।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि उपायुक्त, पाकुड़ के आदेशानुसार प्रत्येक सप्ताह मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 02:00 बजे तक विशेष जनता दरबार सह जन समाधान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
0 Response to "आयोजित हुआ “जन समाधान दिवस”, विभिन्न विभागों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं"
एक टिप्पणी भेजें